Advertisement |

नोएडा
बुखार के मरीजों में मामूली कमी आई है, जबकि डायरिया के मरीज बढ़ गए हैं। सिर्फ जिला अस्पताल के आपातकालीन विभाग में ही रोजाना 40 से अधिक मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। इनमें से 25 प्रतिशत मरीज को भर्ती करना पड़ रहा है, जबकि अन्य मरीजों को पांच-छह घंटे के इलाज के बाद आपातकालीन विभाग से ही छुट्टी दे दी जा रही है।
जिला अस्पताल में गुरुवार को सुबह आठ बजे से दो बजे तक 20 मरीज इलाज के लिए आए थे, जिसमें से 10-12 मरीज को पेट से संबंधित बीमारियां थीं। एक सप्ताह से डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी है। ऐसे मरीजों की संख्या प्रत्येक दिन करीब 40 है। इन मरीजों में उल्टी, दस्त, पेट में दर्द, आदि की परेशानी है। इन मरीजों के लक्षण के आधार पर तुरंत भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
वहीं, पहले बुखार के मरीजों की संख्या रोजाना 15 से अधिक थी। अब यह 10-12 है। जिला अस्पताल के आपातकालीन विभाग के डॉक्टर अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि आपातकालीन विभाग में अब उल्टी, दस्त, पेट में दर्द के मरीज सबसे अधिक आ रहे हैं। बुखार के मरीजों में कमी आई है। इस सीजन में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ती है। ज्यादातर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
0 Comments: