Advertisement |

भोपाल
राजधानी में इन दिनों रुक-रुक कर हो बारिश से लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। शहर के उपनगर कोलार की मुख्य सड़क और भीतरी कॉलोनियों की बदहाल सड़कों पर बारिश का पानी भरने से सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। इस वजह से आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग जैसे ही घरों से निकलते हैं, उनके घर के सामने बदहाल सड़कों पर पानी भरा रहता है। इससे पैदल निकलना मुश्किल हो रहा है। लोगों को अपने घरों से निकलकर मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए अच्छी खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। दोपहिया वाहन चालक पानी भरी बदहाल सड़कों पर गिर रहे हैं। सड़कों पर एक फीट गहरे और छह फीट तक लंबे व चौड़े गड्ढे हो गए हैं।
गहरे गड्ढों में भरा पानी हो रही दुर्घटनाएं...
कोलार में गहरे और खतरनाक गड्ढों के कारण पानी भरने से न गड्ढों की गहराई का पता रहता है, न ही लंबाई का अंदाजा नहीं लगता है। इससे दोपहिया वाहन चालक गिर कर चोटिल हो जाते हैं और चार पहिया वाहन फंस जाते हैं। ललिता नगर, राजहर्ष कॉलोनी, विनीतकुंज, राजवैद्य, प्रियंका नगर, गेहूंखेड़ा, पुलिस हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बांसखेड़ी, सनखेड़ी, गिरधर परिसर, आशीर्वाद कॉलोनी, दानिशकुंज सहित कई जगहों की सड़कें बदहाल हैं, जिनमें बारिश का पानी भरा हुआ है।
खुदाई से सड़कें बदहाल
कोलार के स्थानीय रहवासी राजकुमार सिंह ने बताया कि कोलार में बदहाल सड़कों की समस्या खत्म नहीं हो रही है। कोलार में भाजपा के पार्षद, विधायक और सांसद होने के बाद भी सबसे ज्यादा स्थिति कोलार की खराब है। ये जनप्रतिनिधि आए दिन कोलार भ्रमण में निकलते हैं, लेकिन जनता को राहत देने वाला कोई काम नजर नहीं आ रहा है। रहवासी नगर निगम अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं है। कई सड़कों का निर्माण कराया गया पर सीवेज नेटवर्क के कार्य से हुई खुदाई से सड़कें फिर से बदहाल हो गईं।
0 Comments: